रांची
झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUJ) के तृतीय दीक्षांत समारोह में सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड में तकनीकी और उच्च शिक्षा के स्तर को शिखर तक ले जायेंगे। बता दें कि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, शिक्षा राज्य मंत्री, भारत सरकार, अन्नपूर्णा देवी, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति जेपी लाल, विश्वविद्यालय के कुलपति क्षितिज भूषण दास आदि मौजूद थे। सीएम चंपाई ने पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक समाप्त कर उपाधि पा रहे 800 स्नातकों, पैरा-स्नातकों और शोधार्थियों को बधाई दी। कहा, यह दीक्षांत समारोह शैक्षिक विकास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। छात्रों से उन्होंने कहा कि शिक्षा के उपरांत प्राप्त होने वाली यह उपाधि आपके कठोर परिश्रम और गहन समर्पण का परिणाम है। इस ज्ञान के माध्यम से ही आप भौतिक सुख से आध्यात्मिक संतोष की यात्रा तय कर सकते हैं।
झारझंड में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू
सीएम ने मौके पर जानकारी दी कि झारझंड में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू की जा चुकी है। राज्य के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम अपनाया गया है। राज्य में रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न आयामों का पालन सुनिश्चित किया गया है। राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में नामांकन C.U.E.T. के माध्यम से लिया जाने लगा है। राज्य में उच्च स्तरीय शोध कार्य के लिए बुनियादी संरचना विकसित करने, नवाचार और स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने व शिक्षकों छात्रों की गुणवत्ता में उत्तरोत्तर वृद्धि के लिए कई योजनाएं लागू की गयी हैं।
केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए सरकार का योगदान
सीएम ने आगे कहा कि केन्द्रीय विश्वविद्यालय का झारखंड में होना झारखंडवासियों के लिए गौरव की बात है। बता दें कि विश्वविद्यालय वर्तमान में दो परिसरों में परिचालित हो रहा है। अस्थायी परिसर ब्राम्बे, रांची और स्थायी परिसर चेरी-मनातू गांव में स्थित है। स्थायी परिसर के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रथम चरण में 319 एकड़ गैरमजरुआ भूमि हस्तांतरित की गयी थी। इसके अतरिक्त राज्य सरकार ने 139 एकड़ रैयती भूमि का अधिग्रहण करके केंद्रीय विश्वविद्यालय, झारखण्ड को देने का निर्णय लिया गया है। इसमें से 15 एकड़ भूमि का अधिग्रहण के लिए लगभग 100 करोड़ की राशि का आवंटन किया जा चुका है। साथ ही सीएम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के झारखंड आगमन पर कृतज्ञता जाहिर की।
हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -